सक्ती जिला मुख्यालय में दो दिवसीय ऐतिहासिक राष्ट्रीय प्रतियोगिता का सफल आयोजन विश्व प्रमुख कायचो हुसैन नारकर (दक्षिण अफ्रीका) और एसपी प्रफुल्ल ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ शुभारंभ
देशभर के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 250 खिलाड़ियों ने दिखाया दम
सक्ती- छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ते हुए सक्ती जिला मुख्यालय में आयोजित दो दिवसीय ‘आशिहारा कराटे ऑल इंडिया फेडरेशन कप 2026’ का ऐतिहासिक समापन 25 अक्टूबर को हुआ। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान छत्तीसगढ़ ने प्रथम स्थान (चैंपियनशिप) हासिल किया। प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल द्वितीय स्थान
पर और महाराष्ट्र तृतीय स्थान पर रहा। आशिहारा कराटे छत्तीसगढ़ द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम को सफल बनाने में शिबूचो स्नेहाशीश डे के प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
भव्य शुभारंभ और अतिथियों का सम्मान
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रफुल्ल ठाकुर (पुलिस अधीक्षक, सक्ती), विशिष्ट अतिथि आयुष शर्मा (सभापति, ज़िला पंचायत सक्ती), दीपक गुप्ता (सचिव, फुटबॉल संघ सक्ती), एन. पी. गोपाल (पूर्व ज़िला क्रीड़ा अधिकारी), हरि पटेल (सचिव, ज़िला कब्बड्डी संघ सक्ती) और चंद्र प्रकाश तिवारी की उपस्थिति में हुआ। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आशिहारा कराटे इंटरनेशनल के प्रमुख कायचो हुसैन नारकर (वर्ल्ड हेड मास्टर, दक्षिण अफ्रीका), शिहान दया शंकर पाल (शिबुचो महाराष्ट्र), शिबुचो स्नेहसिस डे (छत्तीसगढ़) और शिहान गौतम मलिक (पश्चिम बंगाल) ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को पुष्प गुच्छ व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
सक्ती के लिए गौरव का क्षण
सेंसाई एम. विकास देवांगन ने आयोजन की जानकारी देते हुए कहा कि सक्ती की धरती पर विभिन्न राज्यों के लगभग 250 खिलाड़ियों की सहभागिता के साथ इस स्तर की प्रतियोगिता का होना पूरे जिले और शहर के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देना, आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, और उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास व खेल भावना को प्रोत्साहित करना है।
काता और कुमिते स्पर्धाओं में दिखा कड़ा मुकाबला
दो दिवसीय आयोजन के पहले दिन (24 अक्टूबर) सभी प्रतिभागियों के बीच ‘काता’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने अपने तकनीकी कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं, दूसरे दिन (25 अक्टूबर) ‘सबकी/कुमिते’ (फाइट) प्रतियोगिताएं हुईं, जिसमें खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
पुरस्कार वितरण के साथ समापन
समापन समारोह में मुख्य अतिथि जगदीश बंसल (सामाजिक कार्यकर्ता) और विशिष्ट अतिथि श्याम सुंदर अग्रवाल (अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद सक्ती), समर विजय सिंह (सामाजिक कार्यकर्ता), प्रदीप राठौर, श्याम राठौर, राहुल अग्रवाल और शुभम अग्रवाल उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार और मेडल प्रदान किए। विजेता राज्यों के प्रमुखों को वर्ल्ड हेड मास्टर कायचो हूसैन नारकर द्वारा विशेष मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सेंसाई एम. विकास देवांगन ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में सेंसाई पुतुल डे, सेंसाई मनी कुमार यादव, सेंसाई राजेश यादव, सेंसाई कुन्तला यादव, ब्लैक बेल्ट बिमल बेरा, मुकेश निषाद, आशीष गोंड और शत्रुघ्न सिदार का विशेष योगदान रहा। मंच का सफल संचालन देवाशीष बनर्जी एवं संदीप देवांगन द्वारा किया गया।