धान की कटी फसल सुरक्षित रखने, खेतों में जल निकासी और पशुओं की सुरक्षा के लिए जारी किए दिशा-निर्देश ..

सक्ती, मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना जताए जाने के बाद जिला सक्ती के कृषि विभाग ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों को धान एवं अन्य फसलों के साथ सब्जियों, फलदार पौधों और पशुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

कटी फसल को सुरक्षित और सूखी जगह पर रखें –

कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए धान एवं अन्य फसलों की कटाई करें। पहले से कटी हुई फसल को बारिश से बचाने के लिए सुरक्षित और सूखी जगह पर रखें। खेतों में पानी भरने की स्थिति से बचने के लिए जल निकासी की उचित व्यवस्था करें, ताकि फसलों को नुकसान न हो। फसलों में कीट या बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर कृषि विशेषज्ञों से परामर्श लें। खराब मौसम के दौरान दवाओं के छिड़काव से बचने की भी सलाह दी गई है।

सब्जियों और फलदार पौधों की सुरक्षा पर जोर –

बारिश और तेज हवा से सब्जियों एवं फलदार पौधों को होने वाले संभावित नुकसान को देखते हुए किसानों को खेतों में पानी जमा नहीं होने देने के निर्देश दिए गए हैं। लौकी, करेला सहित अन्य बेल वाली सब्जियों को उचित सहारा देने तथा केले के पौधों को गिरने से बचाने के लिए आवश्यक इंतजाम करने की सलाह दी गई है। साथ ही, मौसम की स्थिति का आकलन करने के बाद ही सब्जियों की बुवाई करने को कहा गया है।

आकाशीय बिजली से पशुओं को बचाने की अपील –

कृषि विभाग ने पशुपालकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है। बारिश के दौरान पशुओं को सुरक्षित एवं सूखी जगह पर रखें तथा उनके लिए स्वच्छ पानी और पर्याप्त चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करें। बिजली चमकने और गरजने के दौरान पशुओं को पेड़ों के नीचे बांधने से बचें, ताकि आकाशीय बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं का खतरा कम किया जा सके।

कृषि विभाग ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी पूर्वानुमानों पर नजर रखें और बारिश तथा तेज हवा की आशंका को देखते हुए समय रहते आवश्यक इंतजाम कर लें। विभाग ने कहा है कि सावधानी और समय पर किए गए प्रबंधन से फसलों, सब्जियों, फलदार पौधों एवं पशुधन को संभावित नुकसान से बचाने में मदद मिल सकती है।