4 नवंबर को दोपहर 12 बजे तक जमा कर सकेंगे निविदा, उसी दिन दोपहर 3 बजे खोली जाएगी ..

सक्ती, जिले में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 718 मतदान केंद्रों की मतदाता सूचियों एवं अनुपूरक सूचियों के मुद्रण के लिए इच्छुक एवं योग्य फर्मों से निविदा आमंत्रित की गई है। यह प्रक्रिया अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के परिप्रेक्ष्य में संचालित की जा रही है।

उप जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के तीन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता सूचियों के मुद्रण का कार्य कराया जाएगा। इनमें विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 35-सक्ती, 36-चंद्रपुर एवं 37-जैजैपुर शामिल हैं। इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों के कुल 718 मतदान केंद्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के मदर रोल तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अनुपूरक सूचियों का मुद्रण किया जाना है। इस कार्य के लिए निर्धारित निविदा शर्तों के अधीन पात्र फर्मों से निविदा प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं।

21 अक्टूबर से शुरू हुई निविदा प्रक्रिया –

निविदा प्रक्रिया के तहत आवेदन जमा करने की प्रारंभिक तिथि 21 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक फर्में निर्धारित प्रारूप में निविदा प्रपत्र जिला निर्वाचन कार्यालय, सक्ती से प्राप्त कर सकती हैं। इसके लिए 500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसे चालान अथवा नगद राशि के माध्यम से जमा कर निविदा प्रपत्र प्राप्त किया जा सकता है।

4 नवंबर को खुलेगी निविदा –

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 4 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे तक है। इसके बाद इसी दिन दोपहर 3 बजे जिला निर्वाचन कार्यालय, सक्ती में निविदा खोली जाएगी। निर्धारित समय-सीमा तक प्राप्त निविदा प्रस्तावों को क्रय समिति के सदस्यों द्वारा खोला जाएगा।

निर्वाचन कार्यालय द्वारा संबंधित फर्मों से निर्धारित नियमों एवं शर्तों का पालन करते हुए समय-सीमा के भीतर निविदा प्रस्तुत करने की अपेक्षा की गई है।