मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर नि:शुल्क तीर्थयात्रा का मिला अवसर, श्रद्धालुओं ने लगाए जय श्रीराम के जयकारे ..

सक्ती, प्रभु श्रीराम के दर्शन की अभिलाषा लेकर सक्ती जिले के 36 श्रद्धालुओं का दल आज 21 अक्टूबर बुधवार को अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ‘श्री रामलला दर्शन (अयोध्याधाम) योजना’ के तहत श्रद्धालुओं को नि:शुल्क तीर्थयात्रा का अवसर मिल रहा है। अयोध्या प्रस्थान के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने जय श्रीराम और जय अयोध्या धाम के जयकारे लगाते हुए अपनी यात्रा शुरू की तथा इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में प्रभु श्री रामलला के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक जिले से चयनित श्रद्धालुओं को विशेष ट्रेन के माध्यम से सुविधाजनक यात्रा कराई जा रही है।

इसी कड़ी में कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन के निर्देशन में सक्ती जिले के श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम के लिए रवाना किया गया। जिला प्रशासन की तीर्थयात्रा शाखा के अनुसार, नोडल अधिकारी एवं प्राचार्य शिवशंकर भगत की देखरेख में सक्ती, डभरा, मालखरौदा और जैजैपुर क्षेत्र से कुल 36 श्रद्धालुओं का चयन कर उन्हें यात्रा पर भेजा गया।

दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह –

अयोध्या धाम के लिए रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं के चेहरों पर प्रभु श्रीराम के दर्शन को लेकर खुशी और उत्साह झलक रहा था। लंबे समय से रामलला के दर्शन की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह यात्रा विशेष महत्व रखती है। उन्होंने प्रदेश सरकार की इस योजना को सराहनीय पहल बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया।

इस अवसर पर नायब तहसीलदार पद्मलोचन पटेल सहित जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।