पारस पोर्टल पर योजनाओं की प्रगति अपडेट करने के निर्देश, किसानों को नहरों से पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर दिया जोर ..
सक्ती, कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने आगामी 2 नवंबर को जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह-2026 की तैयारियां समय पर पूरी करने, सीएम हेल्पलाइन 1076 के लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने तथा पारस पोर्टल पर विभागीय योजनाओं की प्रगति नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए।
2 नवंबर को होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव –
कलेक्टर ने कहा कि राज्योत्सव समारोह का आयोजन गरिमामय एवं सुव्यवस्थित तरीके से किया जाए। इसके लिए कार्यक्रम स्थल पर विभागीय प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मंच, बैठक व्यवस्था, टेंट, विद्युत एवं पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने 1 से 3 नवंबर तक जिला मुख्यालय स्थित शासकीय भवनों में रोशनी करने तथा निजी संस्थानों को भी इसके लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ आयोजन की तैयारियां पूरी करने को कहा।
किसानों को नहरों से पानी उपलब्ध कराने के निर्देश –
बैठक में कलेक्टर ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से जिले के अंतिम छोर तक स्थित नहरों में पानी पहुंचने की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। वहीं, पीवी ऐप के माध्यम से किए जा रहे डिजिटल फसल सर्वे की समीक्षा करते हुए शेष सर्वे कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को किसानों के साथ समन्वय बनाकर सर्वे कार्य निर्बाध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को भविष्य में शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो।
पारस पोर्टल पर योजनाओं की प्रगति होगी अपडेट –
कलेक्टर ने पारस पोर्टल पर विभागवार योजनाओं एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को जानकारी समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की निगरानी इसी माध्यम से की जाती है, इसलिए अधिकारी पोर्टल पर दर्ज जानकारी की नियमित समीक्षा करें और प्रगति में अपेक्षित सुधार लाएं। उन्होंने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र हितग्राहियों को आवेदन एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में सहयोग प्रदान कर अधिक से अधिक लाभान्वित करने को कहा।
सीएम हेल्पलाइन और सेवा सेतु के आवेदनों पर जोर –
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन 1076 के तहत प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनदर्शन, जनचौपाल तथा सेवा सेतु ऐप के माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर भी त्वरित कार्रवाई करने को कहा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
जाति प्रमाण पत्र बनाने में लाएं तेजी –
बैठक में कलेक्टर ने एसडीएम, तहसीलदार, जिला शिक्षा अधिकारी, विद्यालयों के प्राचार्यों एवं संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से जाति प्रमाण पत्र बनाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। साथ ही सभी विभागों में ई-ऑफिस के माध्यम से शासकीय कार्यों का संचालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान एचपीवी वैक्सीनेशन, निक्षय पोषण योजना एवं बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट की जानकारी ली गई। इसके अलावा लेबर रिपोर्ट, स्वामित्व योजना, लोक सेवा गारंटी, लंबित पेंशन प्रकरण, आयुष्मान योजना तथा पीएम आवास योजना शहरी सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश –
कलेक्टर ने तहसीलवार विवादित एवं अविवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार और आधार प्रविष्टि सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की समीक्षा कर लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पंचायत, लोक निर्माण, शिक्षा, विद्युत, खाद्य, सहकारिता, नगरीय प्रशासन, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास तथा पशु चिकित्सा विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने तथा योजनाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, के.एस. पैकरा, डिप्टी कलेक्टर प्रीतेश राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।