कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर मंच, पार्किंग, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के दिए निर्देश ..

सूरजपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का 28 अक्टूबर को सूरजपुर जिले के नगर पंचायत प्रेमनगर में आगमन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर श्रीमती रेना जमील एवं पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने प्रेमनगर स्थित पुष्प वाटिका के समीप कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर रेना जमील ने कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, आवागमन, हेलीपैड, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही विभिन्न विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास, हितग्राहियों को मिलेगा लाभ –

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान जिले में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में पात्र हितग्राहियों को सामग्री का वितरण भी किया जाएगा।

इसके अलावा तीरंदाजी प्रतियोगिता, युवा संवाद कार्यक्रम तथा दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर का आयोजन प्रस्तावित है। इन गतिविधियों के माध्यम से आम नागरिकों, युवाओं और पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

कलेक्टर रेना जमील ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित तिथि से पहले पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक विभाग को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, प्रशांत कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।