पुरी के जगन्नाथ मंदिर, भुवनेश्वर के लिंगराज मंदिर और कोणार्क सूर्य मंदिर के करेंगे दर्शन ..
सक्ती, छत्तीसगढ़ शासन की मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत सक्ती जिले के 165 वरिष्ठ नागरिक ओडिशा के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों की तीर्थयात्रा पर रवाना हो रहे हैं। इस यात्रा के दौरान वरिष्ठजन पुरी स्थित भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर, भुवनेश्वर के प्रसिद्ध श्री लिंगराज मंदिर तथा कोणार्क के विश्वविख्यात सूर्य मंदिर के दर्शन करेंगे। शासन की इस पहल से वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति और समृद्ध ऐतिहासिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना तथा उनकी धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना है। इसी उद्देश्य के तहत सक्ती जिले के 165 वरिष्ठ नागरिकों को ओडिशा के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
तीर्थयात्रा में शामिल वरिष्ठ नागरिक भगवान श्री जगन्नाथ की पावन नगरी पुरी में दर्शन करेंगे। इसके साथ ही भुवनेश्वर स्थित प्रसिद्ध श्री लिंगराज मंदिर में पूजा-अर्चना तथा कोणार्क के ऐतिहासिक सूर्य मंदिर के दर्शन भी करेंगे। ये तीनों स्थल धार्मिक महत्ता, प्राचीन स्थापत्य कला और सांस्कृतिक विरासत के लिए देश-विदेश में विशेष पहचान रखते हैं।
वरिष्ठजनों के सम्मान और सेवा की पहल –
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, सेवा और संवेदनशीलता की भावना को साकार करने वाली महत्वपूर्ण पहल है। जीवन के इस पड़ाव पर अपने आराध्य देव के दर्शन और पवित्र तीर्थ स्थलों की यात्रा का अवसर मिलना वरिष्ठजनों के लिए सुखद एवं आध्यात्मिक अनुभूति का विषय है। यह यात्रा उन्हें धार्मिक परंपराओं के साथ देश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर भी प्रदान करेगी।
राज्य शासन के समाज कल्याण विभाग की इस पहल से वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थ दर्शन की सुविधा मिल रही है। सक्ती जिले के 165 वरिष्ठ नागरिकों की इस यात्रा से धार्मिक उत्साह और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण है। योजना का उद्देश्य वरिष्ठजनों के जीवन में सुखद अनुभव जोड़ने के साथ उनकी धार्मिक आस्था का सम्मान करना और उनके प्रति सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना है।