पूर्व जिलाध्यक्ष एवं कोरबा प्रभारी कृष्णकांत चंद्रा ने कार्यकर्ताओं को दिया संगठन विस्तार का मंत्र ,

मंडल प्रभारी रामनरेश यादव ने SIR के संबंध में दी जानकारी ..

सक्ती, भारतीय जनता पार्टी मंडल भौथिया की मासिक बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और आगामी कार्ययोजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं कोरबा प्रभारी कृष्णकांत चंद्रा तथा मंडल प्रभारी रामनरेश यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और पार्टी की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

बैठक का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात मंडल अध्यक्ष मनहर चंद्रा ने स्वागत भाषण देते हुए बैठक की रूपरेखा प्रस्तुत की।

पूर्व जिलाध्यक्ष एवं कोरबा प्रभारी कृष्णकांत चंद्रा ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्ययोजना के साथ काम करने पर दिया जोर। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष को प्रत्येक माह की गतिविधियों की रिपोर्ट तैयार करने के साथ आगामी माह की कार्ययोजना भी विस्तार से बनानी चाहिए। संगठन की मजबूती के लिए नियमित समीक्षा और निर्धारित कार्यक्रमों का समयबद्ध क्रियान्वयन जरूरी है। उन्होंने शक्ति केंद्रों की बैठकें आयोजित करने तथा प्रत्येक बूथ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सामूहिक रूप से सुनने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

वहीं, मंडल प्रभारी रामनरेश यादव ने बैठक में SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के संबंध में कार्यकर्ताओं को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इस विषय पर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में संगठन की गतिविधियों को प्रभावी बनाने तथा कार्यकर्ताओं की सहभागिता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मनहर चंद्रा, महामंत्री धनंजय चंद्रा, सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक भूषण चंद्रा, टिकेश्वर चंद्रा, डॉ. श्याम चंद्रा सहित मंडल के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में मंडल महामंत्री धनंजय चंद्रा ने आभार प्रदर्शन किया। इसके साथ ही मासिक बैठक का समापन हुआ।