आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल की टीम ने दबिश देकर पकड़ा मामला, आरोपी महिला जेल दाखिल ..

सक्ती, जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में 29 अक्टूबर को सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम ने थाना बाराद्वार पुलिस के साथ ग्राम मुक्ताराजा में कार्रवाई करते हुए 40 लीटर महुआ शराब और एक बिना नंबर की एक्टिवा स्कूटी जब्त की है। मामले में 45 वर्षीय महिला आरोपी मानकुंवर कुर्रे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मुक्ताराजा के वार्ड क्रमांक 12 में रहने वाली मानकुंवर कुर्रे, पति मोहनलाल कुर्रे, के खिलाफ अपने घर से अवैध रूप से महुआ शराब बेचने की शिकायत मिली थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर सक्ती के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। इसके तहत पहले छद्म खरीददार के माध्यम से शराब की खरीदारी कराई गई। शराब की बिक्री की पुष्टि होने के बाद टीम ने मौके पर दबिश दी।

घर की रसोई और स्कूटी की डिक्की से मिली शराब –

कार्रवाई के दौरान आरोपी महिला के रहवासी मकान की रसोई में रखी जूट की बोरी से प्लास्टिक की 15 बोतलों में भरी 30 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। वहीं, घर में खड़ी बिना नंबर की एक्टिवा स्कूटी की डिक्की से 10 लीटर महुआ शराब मिली। इस तरह टीम ने कुल 40 लीटर महुआ शराब जब्त की। आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया।

इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल और बाराद्वार के आबकारी निरीक्षक नरेंद्र यादव के नेतृत्व में मुख्य आरक्षक रघुनाथ पैकरा, आबकारी आरक्षक नवीन मनहर, नगर सैनिक वीरेंद्र यादव तथा आबकारी स्टाफ परसराम कमलेश और बसंती चौधरी का योगदान रहा।

आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच सख्ती का संदेश गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।