दो दिनों में 4.81 लाख रुपए से अधिक का समन शुल्क वसूला, 5 वाहन जब्त; 19 के परमिट निरस्त करने की तैयारी ..
रायपुर, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसने के लिए परिवहन विभाग ने प्रदेशभर में सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया है। 24 और 25 अक्टूबर को चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 364 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 लाख 81 हजार 300 रुपए का समन शुल्क वसूला। गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर पांच वाहनों को जब्त किया गया है। वहीं, नियम विरुद्ध संचालन के मामलों में 19 वाहनों के परमिट निरस्त करने के लिए प्रकरण तैयार किए गए हैं। इनमें अकेले रायपुर जिले के 17 मामले शामिल हैं।
परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश एवं अतिरिक्त परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिला परिवहन कार्यालयों द्वारा यह विशेष अभियान चलाया गया। जांच के दौरान वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की गई। इस दौरान कई वाहन निर्धारित नियमों और अनिवार्य दस्तावेजों के बिना संचालित होते पाए गए।
बिना परमिट और फिटनेस के चल रहे वाहन भी मिले –
परिवहन विभाग की जांच में बिना परमिट संचालित 12 वाहन, फिटनेस प्रमाण पत्र के बिना चल रहे 10 वाहन, बिना बीमा के तीन वाहन और वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र के बिना संचालित 27 वाहन पकड़े गए। इसके अलावा अन्य यातायात एवं परिवहन नियमों के उल्लंघन के 312 मामलों में कार्रवाई की गई। इस तरह दो दिनों के भीतर कुल 364 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान –
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस तरह की जांच आगे भी लगातार जारी रहेगी। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन मालिकों और चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज वैध रखें तथा यातायात नियमों का पालन करें।
विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य नियम विरुद्ध संचालित वाहनों पर अंकुश लगाना, सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना और प्रदेश में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।