30 अक्टूबर को शाम 5 बजे तक ही भरे जाएंगे ऑनलाइन फॉर्म ,
16 जिलों में आयोजित होगी परीक्षा ..
सक्ती, छत्तीसगढ़ में शिक्षक और सहायक शिक्षक के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने के इच्छुक दिव्यांग अभ्यर्थियों के पास अब सीमित समय बचा है। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार, विभिन्न विषयों में शिक्षक तथा सहायक शिक्षक के रिक्त पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी अंतिम दिन शाम 5 बजे तक ही ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकेंगे। यह परीक्षा प्रदेश के 16 जिलों में आयोजित की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिक्षक पद के लिए हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, गणित, सामाजिक विज्ञान और कृषि विषयों में रिक्त पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। वहीं, सहायक शिक्षक पद के लिए भी पात्र दिव्यांग अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। अलग-अलग पदों और विषयों के लिए दिव्यांगता की निर्धारित श्रेणियां तय की गई हैं।
इन श्रेणियों के दिव्यांग कर सकते हैं आवेदन
शिक्षक पद के अंतर्गत हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और सामाजिक विज्ञान विषयों के लिए दृष्टिबाधित, सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित तथा निर्धारित अन्य पात्र श्रेणियों के दिव्यांग अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। गणित विषय के लिए दोनों भुजाओं से संबंधित दिव्यांगता, ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर (माइल्ड), सेरेब्रल पाल्सी और कुष्ठ रोग से प्रभावित पात्र अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। कृषि विषय के लिए सेरेब्रल पाल्सी और कुष्ठ रोग से प्रभावित पात्र दिव्यांगजन आवेदन कर सकते हैं।
इसी तरह, सहायक शिक्षक पद के लिए दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित और सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर दिया गया है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले संबंधित पद और विषय के लिए निर्धारित पात्रता एवं दिव्यांगता श्रेणी की विस्तृत जानकारी अवश्य देखनी चाहिए।
ऑनलाइन देना होगा परीक्षा शुल्क, स्थानीय अभ्यर्थियों को मिलेगी वापसी –
आवेदन के दौरान परीक्षा शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा। छत्तीसगढ़ शासन के नियमानुसार, छत्तीसगढ़ राज्य के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों द्वारा परीक्षा में उपस्थित होने पर परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा। शुल्क की वापसी उसी बैंक खाते में की जाएगी, जिससे अभ्यर्थी ने ऑनलाइन आवेदन के दौरान परीक्षा शुल्क का भुगतान किया होगा।
आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है विस्तृत जानकारी –
इच्छुक अभ्यर्थी भर्ती, आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, विषयवार पदों और अन्य आवश्यक शर्तों की विस्तृत जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट https://cgssb.cgstate.gov.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण पात्र अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि अंतिम समय में तकनीकी परेशानी के कारण आवेदन से वंचित न होना पड़े।