त्रुटिरहित क्रॉप सर्वे पर जोर, अधूरे सर्वे को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश ..

सक्ती, जिले में पीवी ऐप के माध्यम से किए जा रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने बुधवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक लेकर सर्वे कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सर्वे के दौरान किसी भी किसान का रकबा अथवा खसरा छूटना नहीं चाहिए। साथ ही अधूरे सर्वे वाले गांवों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने जनपद पंचायत सक्ती क्षेत्र में अब तक किए गए पीवी ऐप सर्वे की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सर्वे की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य पूरी सावधानी, सटीकता और पारदर्शिता के साथ किया जाए। सर्वे के दौरान खेतों और किसानों से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियों का सही-सही संकलन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे।

किसानों के रकबे और खसरे का सही दर्ज होना जरूरी –

कलेक्टर श्रीमती जैन ने कहा कि क्रॉप सर्वे किसानों से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। इसलिए सर्वे के दौरान विशेष सतर्कता बरतते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी किसान के खेत का रकबा, खसरा अथवा आवश्यक जानकारी दर्ज होने से न छूटे। उन्होंने राजस्व, कृषि, पंचायत एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सर्वे की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिन गांवों में सर्वे का कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है, वहां निर्धारित समय-सीमा के भीतर सर्वे पूरा कराया जाए। साथ ही सभी संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि डिजिटल क्रॉप सर्वे निर्धारित मापदंडों के अनुरूप त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न हो।

संबंधित विभागों को लगातार निगरानी के निर्देश –

कलेक्टर ने जिले में संचालित पीवी ऐप सर्वे कार्यों की नियमित निगरानी करने और किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर आपसी समन्वय से उसका निराकरण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सर्वे की शुद्धता बनाए रखना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन, एसडीएम सक्ती, जनपद पंचायत सक्ती के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तहसीलदार, अधीक्षक भू-अभिलेख एस.एल. कंवर सहित राजस्व, कृषि, सहकारिता एवं पंचायत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सचिव और रोजगार सहायक उपस्थित रहे।