राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक, निर्वाचक नामावली एवं दावा-आपत्तियों के निराकरण पर चर्चा

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 की तैयारियों के तहत नियुक्त प्रेक्षक रामप्रसाद आंचला ने 28 अक्टूबर को खैरागढ़ पहुंचकर निर्वाचक नामावली तैयार करने के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर पालिका परिषद खैरागढ़ के मतदान केंद्र क्रमांक 286, 287 तथा शासकीय प्राथमिक शाला क्रमांक 01 स्थित मतदान केंद्र क्रमांक 238, 239 एवं 240 का आकस्मिक निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी ली।

इसके पश्चात प्रेक्षक ने कलेक्ट्रेट कार्यालय खैरागढ़ में विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर निर्वाचक नामावली तैयार करने, पुनरीक्षण एवं प्राप्त दावा-आपत्तियों के निराकरण के संबंध में विस्तृत चर्चा की।

बैठक में कांग्रेस शहर अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, प्रवक्ता कपिलेश महोबिया तथा भाजपा प्रतिनिधि शशांक ताम्रकार सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र कुमार ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अविनाश ठाकुर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुनीत कुमार वर्मा सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।