वेतन विसंगति और सेवा संबंधी मामलों के निराकरण के लिए आवश्यक पहल का दिया भरोसा, पंचायत सचिवों ने किया स्वागत ..

सक्ती, जनपद पंचायत सक्ती में मोहनीश आनंद देवांगन ने प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने ग्राम पंचायत सचिवों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं सेवा संबंधी मामलों की जानकारी ली। इस दौरान पंचायत सचिवों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत जिला पंचायत कोरबा में सहायक परियोजना अधिकारी के पद पर पदस्थ मोहनीश आनंद देवांगन का स्थानांतरण जनपद पंचायत सक्ती में प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में किया गया है।

पदभार ग्रहण के अवसर पर देवांगन ने ग्राम पंचायत सचिवों के साथ संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान सचिवों ने वेतन विसंगति सहित विभिन्न सेवा संबंधी विषयों से उन्हें अवगत कराया। देवांगन ने इन समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने की बात कही।

सचिवों की समस्याओं के निराकरण पर रहेगा जोर –

नवपदस्थ प्रभारी सीईओ के साथ चर्चा के दौरान ग्राम पंचायत सचिवों ने अपनी समस्याओं के समाधान की अपेक्षा जताई। उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि देवांगन के मार्गदर्शन में पंचायत स्तर पर कार्यों को गति मिलेगी और ग्राम पंचायतों से संबंधित प्रशासनिक गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित करने में सहयोग मिलेगा। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में भी सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

इस अवसर पर जनपद पंचायत सक्ती के ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित रहे। उन्होंने नवपदस्थ प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए पंचायतों के विकास एवं प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय की उम्मीद जताई।