गाली-गलौज के विवाद में महिला की हत्या का आरोप, बिलाईगढ़ के खुर्सुला-बकलीपाली जंगल में छिपा था आरोपी ..

सक्ती, जिले के हसौद थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने छह दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 28 अक्टूबर की रात बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खुर्सुला-बकलीपाली के जंगल में दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने गाली-गलौज के विवाद में महिला के साथ मारपीट कर हत्या करने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपी को 29 अक्टूबर को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम कैथा निवासी लक्ष्मीन बाई विश्वकर्मा (46) की हत्या के मामले में अपराध क्रमांक 196/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 103(1) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है।

खेत में मिला था महिला का शव –

मामले में प्रार्थी अनिल विश्वकर्मा, निवासी ग्राम कैमरा, ने 23 अक्टूबर 2026 को हसौद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, उसी दिन सुबह करीब 7:15 बजे प्रार्थी को उसके बुआ के लड़के ने सूचना दी कि ग्राम कैथा निवासी लक्ष्मीन बाई का शव रामलाल कश्यप के खेत में मिला है। बताया गया कि मृतका की नाबालिग नातिनों ने सुबह करीब 7 बजे शव देखा था और इसकी जानकारी विकास विश्वकर्मा को दी थी।

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि 22 अक्टूबर की रात खेत के सामने कसीही पेड़ के पास गांव के रंजीत धनुहार ने लक्ष्मीन बाई के साथ हाथ-मुक्कों और आग जलाने वाली लकड़ी से मारपीट की थी। इसके बाद मृतका का शव उसके घर की परछी में जमीन पर रखा गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार था।

जंगल में छिपे आरोपी को घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा –

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस चंद्रपुर (डभरा) सुमित गुप्ता के मार्गदर्शन में पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान 28 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी रंजीत धनुहार ग्राम खुर्सुला-बकलीपाली के जंगल में छिपा हुआ है।

सूचना मिलते ही हसौद पुलिस की टीम ने रात में जंगल में दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने गाली-गलौज के विवाद को लेकर महिला के साथ हाथ-मुक्कों और जलाने वाली लकड़ी से मारपीट कर हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोपी रंजीत धनुहार (49), पिता बुदलू धनुहार, निवासी ग्राम कैथा, थाना हसौद, जिला सक्ती को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक विंटन साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू, प्रधान आरक्षक राजेंद्र वारेन तथा आरक्षक राजेश यादव और राजू खुटे का विशेष योगदान रहा।