सभी जिलों में तत्काल होगा फसल क्षति का सर्वेक्षण, आरबीसी 6-4 के प्रावधानों के तहत पात्र किसानों को मिलेगी सहायता राशि ..
अन्नदाताओं के हितों की रक्षा और उन्हें हरसंभव संबल प्रदान करने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ..
रायपुर, चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को तत्काल फसल क्षति का सर्वेक्षण कराने और नुकसान का आकलन कर पात्र किसानों को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों को हुए नुकसान को लेकर राज्य सरकार गंभीर है। प्रभावित किसानों को राहत दिलाना शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करे, ताकि किसी भी किसान को सहायता प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का शीघ्र आकलन किया जाए। सर्वेक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के प्रावधानों एवं निर्धारित मानदंडों के अनुरूप सहायता के पात्र किसानों को राहत राशि उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सर्वेक्षण से लेकर सहायता राशि के वितरण तक किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अन्नदाता प्रदेश की अर्थव्यवस्था और खाद्य सुरक्षा की मजबूत नींव हैं। उनके हितों की रक्षा करना और संकट की घड़ी में उन्हें हरसंभव संबल प्रदान करना हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि प्रभावित किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से लेते हुए राहत एवं सहायता की कार्रवाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को जल्द से जल्द आर्थिक संबल मिल सके।